मुम्बई (12 मई, 2022): हिंदुस्तानी भाऊ का सोशल मीडिया पर ख़ूब सिक्का चलता है. तरह-तरह के संदेश देनेवाले और देशभक्ति के जज़्बे से सराबोर हिंदुस्तानी भाऊ के वीडियोज़ लोगों द्वारा ख़ूब पसंद किये जाते हैं, मगर अब जल्द ही लोगों को उनका एक अलग ही अंदाज़ देखने को मिलेगा. हिंदुस्तानी भाऊ जल्द ही ‘भाऊ का सिक्का’ नामक वीडियो सॉन्ग में एक अलग ही अंदाज़ में नज़र आएंगे.
‘भाऊ का सिक्का’ नामक गाने को प्रोड्यूस करने का ज़िम्मा पीवी हांडा और शैली अरोड़ा हांडा ने उठाया है. इस गाने के अलावा दोनों साझा रूप से एक पंजाबी गाने को भी प्रोड्यूस कर रहे हैं जिसका टाइटल है ‘जट शद हो गया’. दोनों ही गानों का निर्माण ‘गोल्ड डस्ट रिकॉर्ड्स म्यूज़िक’ लेबल के अंतर्गत किया जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि ‘भाऊ का सिक्का’ और ‘जट शद हो गया’ इन दोनों ही गानों की शूटिंग इन दिनों एक साथ मुम्बई के एक ही स्टूडियो यानि किंग्समैन स्टूडियो में चल रही है जो जुहू इलाके में पीवीआर सिनेमा के सामने स्थित है.
‘भाऊ का सिक्का’ में जहां हिंदुस्तानी भाऊ उर्फ़ विकास फाटक का जलवा देखने को मिलेगा, वहीं ‘जट शद हो गया’ में एक्टर आकाश जग्गा और अभिनेत्री इडिन रोज़ मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे. उल्लेखनीय है कि आकाश जग्गा मशहूर टीवी सीरियल ‘ससुराल सिमर का’ में एक अहम किरदार निभा चुके हैं तो वहीं इडिन रोज़ भी टीवी की दुनिया का एक जाना-माना नाम हैं. ग़ौरतलब है कि इन दोनों वीडियो सॉन्ग का निर्देशन आर. राजा कर रहे हैं.
‘भाऊ का सिक्का’ गाने की शूटिंग के मौके पर हिंदुस्तानी भाऊ ने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए कहा, “मैं निर्माता पीवी हांडा और शैली अरोड़ा हांडा का बेहद शुक्रगुज़ार हूं कि उन्होंने मुझ जैसे शख्स को इस गाने में लेने के बारे में सोचा. नये लोगों और नई प्रतिभाओं को मौका देना आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है, वर्ना तमाम प्रतिभाशाली लोग संघर्ष करते-करते दम तोड़ देते हैं और उन्हें कोई पूछता तक नहीं है. मुझे उम्मीद है कि सोशल मीडिया में मेरे वीडियोज़ से हटकर दिखनेवाला मेरा ये नया अंदाज़ लोगों को ख़ूब पसंद आएगा.”
इस मौके पर निर्माता हैली अरोड़ा हांडा ने कहा, “हम नई-नई प्रतिभाओं को मौका देने और उन्हें आगे बढ़ाने में यकीन रखते हैं. इन दोनों गाने के माध्यम से हमने यही कोशिश की है और आगे भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मधुर और अर्थपूर्ण गाने लोगों को पेश करते रहेंगे.”
जाने-माने गीतकार व संगीतकार प्रवीण भारद्वाज द्वारा लिखे गाने ‘भाऊ का सिक्का’ के बोल हिंदुस्तानी भाऊ के उदार चरित्र को ध्यान में रखकर लिखे गये हैं. गाने को डायरेक्ट कर रहे आर. राजा ने इस गाने की ख़ासियत के बारे में कहा, “हिंदुस्तानी भाऊ से जब मैं पहली दफ़ा मिलने गया तो मैंने ख़ुद अपनी आंखों से देखा कि कैसे वो अपने आसपास ज़रूरतमंद लोगों की मदद करने में हमेशा आगे रहते हैं. इस गाने में भी हमने उनके इसी निस्वार्थ भाव से लोगों की मदद करनेवाले स्वभाव को चित्रित करने की कोशिश की है. असल ज़िंदगी में भाऊ एक-दूसरे से नफ़रत करनेवालों को प्यार करना सिखाते हैं और इस गाने के ज़रिए भी वो लोगों को अमन का पैगाम देते नज़र आएंगे.”





‘गोल्ड डस्ट रिकॉर्ड्स म्यूज़िक’ के अनूठे वीडियो सॉन्ग ‘भाऊ का सिक्का’ में दिखेगा हिंदुस्तानी भाऊ का जलवा
More Stories
VKDL Group Chairman V. K. Dubey Honoured At 4th Delhi State Para Swimming Championship; Birthday Marks A Renewed Pledge To Serve & Empower Divyangs
Russia के रसिया का ट्रेलर रिलीज, फिल्म 11 अक्टूबर से यूट्यूब पर देख सकेंगे दर्शक
100 Million Views Milestone: Deepak Saraswat Emerges As One Of India’s Most Talked-About Podcasters