जानी मानी बॉक्सर मैरी कॉम ने अनुपम खेर स्टारर फ़िल्म ‘शिव शास्त्री बालबोआ’ के पोस्टरों को आज मुम्बई के अंधेरी स्थित ‘एक्टर् प्रीपेरस’ में लॉन्च किया. एक साधारण व्यक्ति की असाधारण रोमांच यात्रा पर आधारित इस फ़िल्म में अनुपम खेर, नीना गुप्ता, जुगल हंसराज, नरगिस फ़ाखरी और शारिब हाशमी मुख्य भूमिकाओं में नज़र आएंगे.
अनुपम खेर और मैरी कॉम दोनों एक लम्बे अर्से से एक-दूसरे के प्रशंसक रहे हैं. ऐसे में फ़िल्म के पोस्टरों के लॉन्च के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के काम और शख़्सियत की ख़ूब तारीफ़ और एक्टिंग से लेकर बॉक्सिंग तक हर विषय पर मज़ेदार बातें कीं. इतना ही नहीं, मैरी कॉम ने अनुपम खेर को बॉक्सिंग के गुर भी सिखाए और अनुपम खेर ने इन गुरों को सीखने की शिद्दत से कोशिश भी की. दोनों ने हंसते-खेलते हुए एक दूसरे के साथ मॉक मैच का मज़ा भी लिया.
इस ख़ास मौके पर अनुपम खेर ने अपनी ख़ुशी बयां करते हुए कहा, “बॉक्सिंग के खेल में एक ऊंचा ओहदा रखनेवाली और करोड़ों दिलों में बसनेवाली मैरी कॉम द्वारा मेरी फ़िल्म के पोस्टरों को लॉन्च किये जाने से बढ़कर मेरे लिए और कोई ख़ुशी की बात नहीं हो सकती है. उन्होंने मेरी तारीफ़ करते हुए काफ़ी उदारता दिखाई. वे तेज़ गति से खेले जानेवाले खेल को पसंद करती हैं और उन्हें ऐड फ़िल्मों के रीटेक्स से चिढ़ है. इसे वो बहुत सहजता के साथ कबूलती भी हैं. मैरी कॉम भारत की शान हैं.”
उल्लेखनीय है कि अनुपम खेर 6 बार वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियन रह चुकी मैरी कॉम की विनम्रता, सहजता और उनकी निश्चल हंसी से बेहद प्रभावित नज़र आए. अनुपम खेर ने कहा, “जो लोग दिल खोलकर ज़ोर ज़ोर से हंसते हैं, उनका दिल बड़ा ख़ूबसूरत होता है. मैं हमेशा से मैरी कॉम का प्रशंसक रहा हूं मगर आज उनकी विन्रमता देखकर मैं पूरी तरह से पिघल गया. सही मायनों में वो एक चैम्पियन हैं.”
अनुपम खेर ने आगे कहा, “शिव शास्त्री बोलबोआ एक बेहद रोमांचकारी फ़िल्म है जिसमें दिखाया गया है कि कैसे अमेरिका में दो अनजान शख़्स की मुलाक़ात होती है और फिर दोनों की ज़िंदगी हमेशा हमेशा के लिए बदल जाती है. यह फ़िल्म ना सिर्फ़ आपको हंसाएगी, आपका मनोरंजन करेगी, बल्कि यह आपको सोचने पर मजबूर करने के साथ साथ आपको प्रेरित भी ख़ूब करेगी. फ़िल्म में एक ख़ूबसूरत कुत्ता भी एक अहम रोल में नज़र आएगा जिसका नाम कैप्सूल रखा गया है. ग़ौरतलब है कि फ़िल्म में दिखाया गया है कि कैसे कुत्ता हरेक बात पर अपनी राय रखता है और उसकी सोच एक बड़े ही अनूठे अंदाज़ में दर्शकों तक पहुंचती है.”
अपने साथी कलाकारों के बारे में बातें करते हुए अनुपम खेर कहते हैं, “नीना गुप्ता एक बेहद उम्दा कलाकर और बेहतरीन इंसान हैं. फ़िल्म में शारिब हाशमी एक बेहद अलहदा किस्म के रोल में नज़र आएंगे. जुगल हंसराज एक लम्बे अर्से बाद सिनेमा के पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं तो वहीं नरगिस फ़ाखरी एक बेहद ख़ूबसूरत किरदार में नज़र आएंगे. अजयन वेणुगोपलन ने हमारी फ़िल्म को बहुत ही बढ़िया ढंग से डायरेक्ट किया है. इससे पहले वो ‘मेट्रो पार्क’ नामक सीरीज़ बना चुके हैं.”
इस फ़िल्म के प्रस्तुतकर्ता हैं UFI मोशन पिक्चर्स, अनुपम खेर स्टूडियोज़ और तरुण राठी जबकि फ़िल्म का निर्माण किशोर वैरिएथ ने किया है. फ़िल्म के निर्देंशन की कमान अजयन वेणुगोपालन ने संभाली है तो वहीं फ़िल्म के कार्यकारी निर्माता की भूमिका आशुतोष बाजपेयी ने निभाई है.”



मैरी कॉम ने लॉन्च किया अनुपम खेर की फ़िल्म ‘शिव शास्त्री बालबोआ’ के पोस्टरों को लॉन्च
More Stories
Dr. Sonal | Sonali Saigaonkar Mumbai’s Pioneer In Holistic & Regenerative Aesthetics And SDP IAWA Award Winner
GANGA PACHISIA – A Versatile Voice Blending Indian Musical Heritage with Devotion, Grace and Melody with her ‘Soulful Mefil’
Tradition Meets Modernity From Srinagar To The World: Label By Mansha Brings Kashmiri Craftsmanship To Contemporary Style